MP News: शिवपुरी , करैरा व शिवपुरी के बाद अब जिले के कोलारस और पिछोर विधानसभा में केन्द्रीय विद्यालय की सौगात मिलने वाली है। इन दोनों स्था...
MP News:शिवपुरी, करैरा व शिवपुरी के बाद अब जिले के कोलारस और पिछोर विधानसभा में केन्द्रीय विद्यालय की सौगात मिलने वाली है। इन दोनों स्थानों के लिए केन्द्रीय विद्यालय संगठन भोपाल से भी मंजूरी मिल गई है। अब स्थानीय प्रशासन पिछोर व कोलारस में केन्द्रीय विद्यालय भवन बनाने के लिए जमीन की खोजबीन में लग गया है। हालांकि सूत्रों की माने तो दोनों जगह तीन-तीन अलग-अलग स्थानों पर जमीने देख ली गई है और इनमें से एक जगह फाइनल करना बाकी है।
जानकारी के मुताबिक जिले के पिछोर व कोलारस में केन्द्रीय विद्यालय खोलने की मांग कई साल से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी। इस मांग को लेकर केन्द्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से पत्राचार किया था। साथ ही केन्द्रीय विद्यालय संगठन भोपाल व दिल्ली में भी संपर्क किया। इसके बाद से केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने शिवपुरी के पिछोर व कोलारस में केन्द्रीय विद्यालय खोलने के लिए मंजूरी दे दी है। अब इन दोनों विधानसभाओं में स्थानीय प्रशासन भवन बनने के लिए जमीन देखने से लेकर अन्य तैयारियों में जुट गया है।
विद्यालय भवन निर्माण के लिए चाहिए 10 एकड़ जमीन
नियमों के मुताबिक केन्द्रीय विद्यालय खुलने के लिए वैसे तो 5 एकड़ जमीन की जरूरत होती है, लेकिन समय के साथ जब स्कूल का विस्तार होता है तो उसमें 10 एकड़ जमीन की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में पिछोर व कोलारस में ऐसी 10 एकड़ शासकीय जमीन की तलाश की जा रही है जो कि समतल होने के साथ हर तरह से सही हो। किसी भी प्रकार की कोई बिजली लाइन उस जगह से न निकली हो और पानी व बिजली की पर्याप्त व्यवस्था हो। हालांकि दोनों विधानसभा में संबंधित एसडीएम ने तीन-तीन जगह पर जमीन देख ली है और अब जिला प्रशासन को यह तय करना है कि वह कौन सी जमीन को चुनना है। प्रस्तावित भूमि केन्द्रीय विद्यालय संगठन को निःशुल्क एवं स्थायी हस्तांतरण पर अथवा मात्र एक रुपए प्रतिवर्ष के हिसाब से 99 साल की लीज पर हो।