प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने शिवपुरी रोटरी स्वास्थ्य शिविर में किया एचपीवी सुविधा का उद्घाटन
प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने शिवपुरी रोटरी स्वास्थ्य शिविर में किया एचपीवी सुविधा का उद्घाटन
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों व जन सेवकों के प्रयासों को सराहा
शिवपुरी, 18 मार्च 2026/ शिवपुरी में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया द्वारा एचपीवी हेल्थ केयर सुविधा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी उपस्थित रहे।
शिवपुरी स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर उन्होंने एचपीवी सुविधा का उद्घाटन किया तथा उपस्थित नागरिकों से जनसंवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने एक एक कर सभी कक्षों में भ्रमण किया और शिविर में आए लोगों से भी हालचाल पूछा। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं को देखा और कहा कि यह एक भव्य शिविर है जहां देशभर के प्रतिष्ठित चिकित्सक मरीजों के उपचार के लिए आ रहे हैं। जिले के नागरिकों को इस सुविधा का लाभ लेना चाहिए।
प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शिविर में कार्यरत चिकित्सकों एवं जनसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जो सराहनीय है। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों तक इन सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया।

