प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक प्रीतम सिंह लोधी, विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक एवं साइकिलों का वितरण
प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक प्रीतम सिंह लोधी, विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक एवं साइकिलों का वितरण
शिवपुरी
/ मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित “स्कूल चले हम” अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बामोर डामरोंन में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पिछोर क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। तत्पश्चात विधायक द्वारा विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को शासन की ओर से निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं साइकिलों का वितरण किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पेयजल सुविधा हेतु वाटर कूलर की मांग रखी गई, जिस पर विधायक श्री लोधी ने अपनी विधायक निधि से वाटर कूलर उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय में कक्षों की कमी के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई कर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
विधायक श्री लोधी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा का स्तर सुधारना उनकी प्राथमिकता है तथा क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा अनुशासन का पालन करने की सीख दी।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी विनोद गुप्ता द्वारा “स्कूल चले हम” अभियान की जानकारी दी गई। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य वीरेंद्र शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महेंद्र सिंह यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



