शिवपुरी विधायक द्वारा वितरित किया गया निःशुल्क मूंगफली बीज
शिवपुरी विधायक द्वारा वितरित किया गया निःशुल्क मूंगफली बीज
राष्ट्रीय मिशन ऑन इडिबल ऑयल-तिलहन योजना अंतर्गत जायद वर्ष 2025-26 के तहत विकासखंड शिवपुरी के ब्लॉक परिसर में निःशुल्क मूंगफली बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक शिवपुरी देवेन्द्र जैन एवं जनपद अध्यक्षा हेमलता रघुवीर रावत द्वारा कृषकों को मूंगफली बीज का वितरण किया गया। इस अवसर पर लगभग 235 कृषक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधायक श्री जैन ने कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग द्वारा कृषकों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कृषकों को तिलहन उत्पादन बढ़ाने एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने हेतु प्रेरित किया। जनपद अध्यक्षा श्रीमती रावत द्वारा कृषकों को मूंगफली की उन्नत किस्म “कादिरी लेपाक्षी” के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
उप संचालक कृषि पान सिंह करौरिया ने कृषकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए नरवाई न जलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नरवाई जलाने से भूमि की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा ऐसे मामलों में एफआईआर एवं आर्थिक दंड की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस अवसर पर सहायक संचालक कृषि डॉ. किरण रावत, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी संदीप कुमार रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

