2अक्टूबर गांधी जयंती के बाद स्वच्छता का संदेश, जनपद पंचायत कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने संभाली झाड़ू
2 अक्टूबर गांधी जयंती के बाद स्वच्छता का संदेश, जनपद पंचायत कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने संभाली झाड़ू
शिवपुरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दिए गए स्वच्छता के संदेश को आगे बढ़ाते हुए शिवपुरी जनपद पंचायत कार्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोनम जैन ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर सफाई की और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई।
इस दौरान जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लेते हुए सफाई व्यवस्था को नियमित बनाए रखने पर जोर दिया। अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन सफाई करने तक सीमित न रखते हुए कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोनम जैन ने कहा कि
स्वच्छता केवल किसी अभियान का हिस्सा नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। यदि हम अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की आदत विकसित करें तो इसका सकारात्मक असर पूरे समाज पर पड़ता है।
स्वच्छता अभियान के दौरान सुमन जैन, धर्मवीर रावत सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने भी सफाई अभियान में सहभागिता की।













