mp news: मध्यप्रदेश के सिंगरौली से यूपी के ललितपुर तक की बहुप्रतीक्षित रेल लाइन के सतना-पन्ना रेलखंड पर मंगलवार को पहली बार पन्ना बॉर्डर तक ट्रेन पहुंची। नागौद से फुलवारी के बीच 15 किलोमीटर के रेल सेक्शन में सीआरएस स्पेशल ट्रेन ने 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया। डब्ल्यूसीआर के प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा अधोसंरचना विकास कार्यों को तीव्र गति दी जा रही है। इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेलवे के ललितपुर-सिंगरौली नई लाइन परियोजना में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है।
72 किमी में से 45 किलोमीटर का कार्य पूरा
सतना-पन्ना रेलखंड में कुल 72 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य होना है, जिसमें से 45 किलोमीटर का कार्य अब तक पूरा हो चुका है। फुलवारी से पन्ना के बीच 27 किलोमीटर के दो सेक्शन का कार्य शेष है, जो प्रगति पर है। 24 मार्च को मध्य/पूर्व वृत (मुंबई) के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) गुरू प्रकाश ने नागौद से फुलवारी के मध्य नव निर्मित 15.45 किमी लंबे रेल खंड का सघन निरीक्षण किया। इस निरीक्षण से तय हो गया है कि आगामी दिनों में यातायात प्रारंभ होगा। निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने ट्रैक की गुणवत्ता, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, ब्रिज संरचनाएं, गर्डर, स्पैन, स्लीपर, बैलास्ट, ग्लूड जॉइंट, इंप्रूव्ड एसईजे, ओएचई लाइन, समपार फाटक, स्टेशन यार्ड सहित विभिन्न तकनीकी एवं संरक्षा संबंधी पहलुओं का गहन परीक्षण किया है। फुलवारी से नागौद तक पूरे सेक्शन में अधिकतम 120 किमी प्रति घंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल भी किया गया। इस सफल ट्रायल रन से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि अब जल्द ही उन्हें ट्रेन में सफर करने की सुविधा मिलेगी। इस क्षेत्र के रेल नेटवर्क से जुड़ने से आवागमन तो सुगम होगा ही साथ ही विकास की रफ्तार भी तेज होगी।
ये अधिकारी निरीक्षण में रहे मौजूद
निरीक्षण के समय मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एमएस हाश्मी सहित निर्माण एवं संरक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जबलपुर मंडल से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, सीनियर डीईई (टीआरडी) एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
