मधुमक्खी पालन सेमीनार में दी तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी, 300 से अधिक कृषकों ने लिया लाभ
मधुमक्खी पालन सेमीनार में दी तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी, 300 से अधिक कृषकों ने लिया लाभ
शिवपुरी मध्यप्रदेश राज्य उद्यानिकी मिशन के अंतर्गत राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं शहद योजना के तहत जिला स्तरीय मधुमक्खी पालन सेमीनार का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र, पिपरसमां शिवपुरी में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय किसान संघ जिला शिवपुरी के अध्यक्ष बृजेश धाकड़ एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत रातौर के मांगीलाल धाकड़ उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री धाकड़ ने अपने संबोधन में मधुमक्खी पालन को ग्रामीण कुटीर उद्योग के रूप में स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह व्यवसाय ग्रामीण पलायन को रोकने में भी सहायक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने कृषकों एवं युवाओं से प्रशिक्षण प्राप्त कर इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का आवाहन किया।
सेमीनार में विशेषज्ञों द्वारा मधुमक्खी पालन की उन्नत तकनीकों एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र मुरैना की डॉ. स्वाति सिंह तोमर एवं जे.सी. गुप्ता तथा पंजाब राज्य के अनुभवी कीटशास्त्री सुधीर सक्सेना द्वारा मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक विधियों, रख-रखाव एवं उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इसके साथ ही विकासखण्ड कोलारस के ग्राम मोहराई के प्रगतिशील कृषक हरनाम जाटव द्वारा मधुमक्खी पालन के अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए उपयोगी सामग्री का प्रदर्शन कर उपस्थित कृषकों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ.पुनीत कुमार, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख के निर्देशन में तथा सह संयोजक डॉ.एम.के.भार्गव, वरिष्ठ वैज्ञानिक के समन्वय से संपन्न हुआ। सेमीनार में कृषि, उद्यानिकी, आत्मा एवं अन्य संस्थानों के सहयोग से 300 से अधिक कृषकों, कृषक महिलाओं एवं ग्रामीण युवाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में सहायक संचालक उद्यान निर्मल गोयाल सहित कृषि विज्ञान केन्द्र शिवपुरी के वैज्ञानिक एवं स्टाफ डॉ. प्रशांत कुमार गुप्ता, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. सुरूचि सोनी, डॉ. नीरज कुमार कुशवाहा, विजय प्रताप सिंह, सतेन्द्र गुप्ता एवं आरती बंसल उपस्थित रहे।




