वृहद स्वास्थ्य शिविर में बाल हृदय रोगियों का उपचार, 42 बच्चों को सर्जरी हेतु चिन्हित
वृहद स्वास्थ्य शिविर में बाल हृदय रोगियों का उपचार, 42 बच्चों को सर्जरी हेतु चिन्हित
शिवपुरी, 22 मार्च 2026/ जिला प्रशासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में बाल हृदय रोगियों के उपचार हेतु विशेष पहल की गई। शिविर में जन्मजात हृदय विकृति (दिल में छेद) से पीड़ित बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण एवं उपचार किया गया।
शिविर के दौरान शिवपुरी एवं गुना जिले से कुल 78 बच्चों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 42 बच्चों को सर्जरी हेतु चिन्हित किया गया है। चिन्हित बच्चों को आगामी 24 मार्च को अरविंदो हॉस्पिटल, भोपाल भेजा जाएगा, जहां उनका निःशुल्क उपचार एवं सर्जरी की जाएगी। उक्त जांच एवं उपचार अरविंदो हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. पी. अग्रवाल एवं डॉ. ए. नगेले द्वारा किया गया, जिन्होंने बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का सूक्ष्म परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इसके अतिरिक्त एक्स भोपाल के डॉक्टर्स द्वारा भी पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी के मरीजों का उपचार किया।
सीताराम यादव ने कराया नातिनी का उपचार
तहसील करैरा के ग्राम सलैया निवासी श्री सीताराम यादव ने अपनी नातिनी कु. रक्षा यादव का उपचार शिविर में कराया। उन्होंने बताया कि बच्ची के हृदय में छेद की समस्या है, जिसकी जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई एवं आगे उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं निःशुल्क सेवाओं के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


