युवा संगम अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार मेला आज
युवा संगम अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार मेला आज
शिवपुरी, 25 मार्च 2026/ सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम तथा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्देशन एवं कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में 26 मार्च को प्रातः 11 बजे से जिला रोजगार कार्यालय परिसर (जिला न्यायालय के सामने, कोर्ट रोड, शिवपुरी) में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इस रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के आकांक्षी युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करना है। इस मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
रोजगार मेले में चेकमेट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (गुजरात), फोन पे प्रा. लि. (शिवपुरी), फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी (शिवपुरी), एल.आई.सी. (शिवपुरी), आई.एफ.एफ.डी मैन्युफैक्चरर (शिवपुरी) सहित अन्य कंपनियां सहभागिता करेंगी।
मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी, जिनकी आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य है, सहभागिता कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त स्वरोजगार एवं हितग्राही मूलक योजनाएं संचालित करने वाले विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी प्रदान किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी पूर्व पंजीयन हेतु गूगल फॉर्म लिंक https://forms.gle/sjJvBonE3ujm13uw7 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में सहभागिता कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की गई है।