नरवाई जलाने पर होगी सख्त कार्यवाही, प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान जारी
नरवाई जलाने पर होगी सख्त कार्यवाही, प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान जारी
जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कलेक्टर के निर्देशन में कृषि विभाग एवं सहायक कृषि यंत्री कार्यालय द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कृषि विभाग के मैदानी अमले एवं अधिकारियों द्वारा पूर्व वर्षों में नरवाई जलाने की घटनाओं वाले ग्रामों में नियमित रूप से सभाएं, चौपाल एवं बैठकों का आयोजन कर कृषकों को जागरूक किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नरवाई जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान एवं कृषि पर इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है।
कृषकों को अवगत कराया जा रहा है कि नरवाई जलाने की स्थिति में संबंधित कृषकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने एवं अर्थदण्ड अधिरोपित करने की कार्यवाही की जाएगी। नरवाई प्रबंधन को बढ़ावा देने एवं इस पर पूर्ण नियंत्रण हेतु समाचार पत्रों, मोबाइल संदेशों, फ्लेक्स बैनर एवं पेम्पलेट्स के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष शिवपुरी को नरवाई विहीन जिला बनाने के लक्ष्य के साथ प्रभावी कार्यवाही एवं जनसहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।