बलारी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि मेला 19 से 27 मार्च तक, तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित






शिवपुरी


कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्राम बलारपुर स्थित बलारी माता मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित होने वाले धार्मिक मेले की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं बलारी माता मंदिर समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मंदिर के पुजारी द्वारा अवगत कराया गया कि 23 मार्च से 25 मार्च के दौरान मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहने की संभावना है। इसको ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री चौधरी ने विभिन्न विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, उपसंचालक नेशनल पार्क श्री हरिओम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव मुले, एसडीएम आनंद राजावत सहित मंदिर के पुजारीगण, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। 

कलेक्टर श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि बलारी माता मंदिर वन क्षेत्र की सीमा में स्थित होने के कारण वन्यजीवों एवं अन्य पशु-पक्षियों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए वन क्षेत्र में लाउडस्पीकर, ध्वनि विस्तारक यंत्र, डीजे-बैंड, पशु बलि तथा पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर तक आने-जाने वाले मार्गों की मरम्मत, मार्गों की साफ-सफाई तथा पेयजल हेतु पानी के टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मंदिर परिसर के आसपास महिला एवं पुरुष प्रसाधन, फायर ब्रिगेड तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। कलेक्टर ने मेला ग्राउंड, पार्किंग स्थल तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही मेले के दौरान आकस्मिक चिकित्सा दल तथा एम्बुलेंस की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए।

मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित मार्गों के अतिरिक्त अन्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर विभागीय वाहनों की ड्यूटी लगाने तथा श्रद्धालुओं के अनाधिकृत प्रवेश को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त मेले के दौरान निर्वाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में बैकअप व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में बलारी माता मंदिर समिति के सदस्यों से अनुरोध किया गया कि प्रसाद की दुकानें नेशनल पार्क की सीमा के बाहर लगवाई जाएं तथा श्रद्धालुओं से लाउड स्पीकर, डीजे, पॉलिथीन के उपयोग एवं पशु बलि से परहेज करने की अपील की जाए। साथ ही वन क्षेत्र में प्रसादी भंडारा न बनाए जाने के संबंध में भी श्रद्धालुओं को जागरूक करने को कहा गया।


Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url