बचपन को नशे से दूर रखना जरूरी है, इसके लिए समन्वित प्रयास करें- कलेक्टर बच्चों में बढ़ता नशे का चलन चिंता का विषय है- पुलिस अधीक्षक
बचपन को नशे से दूर रखना जरूरी है, इसके लिए समन्वित प्रयास करें- कलेक्टर
बच्चों में बढ़ता नशे का चलन चिंता का विषय है- पुलिस अधीक्षक
शिवपुरी, 31 मार्च 2026/ मिशन वात्सल्य योजना अंतर्गत गठित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित बाल कल्याण एवं संरक्षण संबंधी योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय ऋषीश्वर, जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, बाल गृह के पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री चौधरी ने जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए चिन्हित क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने तथा स्थानीय समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में नशे की ओर बढ़ता आकर्षण अत्यंत चिंताजनक है, जिसे रोकने के लिए प्रशासन एवं समाज के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। बच्चों को नशे से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक श्री राठौड़ ने कहा कि नशा विरोधी अभियान सतत रूप से संचालित किया जा रहा है तथा नशीले पदार्थों के विक्रेताओं की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी, विशेषकर उन मामलों में जहां बच्चों को प्रभावित किया जा रहा है। बैठक में बच्चों के समग्र विकास एवं संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया।

